Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रायसेन में 806वां उर्स शुरू, प्रशासन ने पेश की चादर:एडिशनल एसपी ने दिए सुरक्षा निर्देश, 80 जवान संभालेंगे ड्यूटी

INT News21 September 2026 at 10:18 pm

हजरत बाबा पीर फतेह उल्लाह शाह चिश्ती की दरगाह शरीफ पर सोमवार से 806वां उर्स शुरू हुआ। उर्स के पहले दिन बरसों पुरानी परंपरा के तहत जिला प्रशासन की ओर से पहली चादर पेश की गई। डिप्टी कलेक्टर रोहित लोधी और तहसीलदार भरत सिंह ने दरगाह पर चादर पेश कर अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। इस दौरान शहर काजी जहीरुद्दीन मौजूद रहे। उर्स के कार्यक्रम के तहत 21 सितंबर को जुहर की नमाज के बाद मिलाद शरीफ और कुरानखानी हुई। 22 सितंबर को ईशा की नमाज के बाद कव्वाली होगी। इसमें कव्वाल सलीम शमीम जावरा, जफर हुसैन और शादाब हुसैन सहित अन्य कव्वाल प्रस्तुति देंगे। 23 सितंबर को भी कव्वाली का आयोजन होगा। उर्स का समापन 24 सितंबर की सुबह फजर की नमाज के बाद कुल शरीफ और दुआ के साथ होगा। दरगाह पर 80 पुलिस जवान तैनात रहेंगे उर्स में देशभर से जायरीन पहुंच रहे हैं। दरगाह परिसर को बिजली की रोशनी से सजाया गया है। जायरीन के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। एडिशनल एसपी दीपक नायक ने दरगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और गंभीरता से ड्यूटी करने तथा जायरीन के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने भी पुलिस बल के साथ व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि उर्स के दौरान दरगाह पर दिन-रात करीब 80 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था के साथ अलग-अलग स्थानों पर भी पुलिस बल लगाया गया है।