समाचार · मध्य प्रदेश
महिला को बाइक पर बैठाकर पीटते ले गए; VIDEO:धार में सड़क पर बाल पकड़कर खींचे, थप्पड़-घूंसे भी मारे; पुलिस बोली- पति-पत्नी का मामला
धार के गंधवानी में सोमवार शाम करीब 7 बजे एक महिला के साथ पहले मारपीट की गई। इसके बाद दो लोग उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला के साथ मारपीट और उसे बाइक पर बैठाकर ले जाते लोग नजर आ रहे हैं। मामला गंधवानी थाने का है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो लोग बाइक से आते हैं। इनमें से एक महिला के पास जाकर उसका हाथ पकड़ लेता है। महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती है, लेकिन युवक हाथ नहीं छोड़ता। इसके बाद वह महिला को उठाकर बाइक पर बैठा देता है। तस्वीरें देखें… महिला बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही महिला लगातार विरोध करती नजर आती है। वह बचाओ-बचाओ चिल्लाती है, लेकिन दोनों लोग उसे बाइक पर बैठाकर ले जाते हैं। आसपास काफी लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग घटना देखते रहे, जबकि कुछ मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। महिला के बाइक पर बैठने के बाद भी उसके साथ मारपीट किए जाने का वीडियो में दावा किया जा रहा है। पीछे बैठे व्यक्ति ने महिला को थप्पड़ मारे, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति भी उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद दोनों महिला को लेकर पुलिया की ओर से आगे निकल जाते हैं। पुलिस बोली- पति-पत्नी के बीच का मामला गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच का बताया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी और वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।