समाचार · झारखंड
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने एनएच-33 किया जाम

चांडिल. रांची में सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चौका के बड़ामटांड़ में एनएच-33 जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. मंडल अध्यक्ष चामुराम भुईयां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के विरोध में नारे लगाये.
सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार
एनएच-33 जाम होने से कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. कार्यकर्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की.
चांडिल में बंद का नहीं दिखा असर
भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में कोई खास असर नहीं दिखा. चांडिल, चौका, नीमडीह और आसपास के बाजारों में अधिकांश दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं. सड़कों पर वाहनों का आवागमन भी सामान्य रहा.
छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करे सरकार
हालांकि बड़ामटांड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के एनएच-33 जाम करने के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ. भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी. कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनके खिलाफ दर्ज मामलों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की.
इस अवसर सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, जिला महामंत्री डॉ भूषण चंद्र मुर्मू, मंडल अध्यक्ष चामुराम भुईंयां, धनंजय मंडल, ईचागढ़ मंडल अध्यक्ष शिशिर प्रमाणिक, महामंत्री खगेन महतो, वन बिहारी महतो, नयन सिंह, अनिल मांझी, मोतीलाल कुंभकार, शत्रुघ्न महतो, रवि भुईंयां, ज्ञानी सिंह, जगदीश सिंह मुंडा, मंगल सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.