समाचार · उत्तर प्रदेश
आत्महत्या की कोशिश या हादसा? आगरा में रेलवे ट्रैक पर 2 टुकड़ों में मिला एयरफोर्स जवान का शव, हावड़ा एक्सप्रेस से जा रहे थे प्रयागराज

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार सुबह अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एयरफोर्स के 35 वर्षीय जवान का शव दो हिस्सों में मिला. उनका धड़ और गर्दन अलग-अलग पड़ी थी. गांववालों की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. शव की जेब से मिले आईडी कार्ड और टिकट के आधार पर जवान की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैनाराम के रूप में हुई है.
हावड़ा एक्सप्रेस से परिवार के साथ जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक नैनाराम अपनी पत्नी शोभा और दो बच्चों के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे. वह ड्यूटी के लिए परिवार के साथ प्रयागराज जा रहे थे. गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास उनका शव ट्रैक पर मिला. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान की मौत ट्रेन से गिरने, ट्रैक पार करने के दौरान या ट्रेन से कूदने की वजह से हुई.
पत्नी को फोन पर बताया- पति को लगी चोट
शव मिलने के बाद जवान के मोबाइल पर उनकी पत्नी और परिवार के लोगों के लगातार फोन आ रहे थे. जीआरपी ने फोन पर उनकी पत्नी से संपर्क किया और बताया कि उनके पति को चोट लगी है. पुलिस ने उन्हें अगले स्टेशन पर उतरने और एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचने को कहा. इसके बाद पत्नी शोभा दोनों बच्चों के साथ ईदगाह स्टेशन पर उतर गईं और अस्पताल पहुंचीं. वहां उन्हें जवान की मौत की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार को घटना के बारे में बताया गया.
आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
Government Railway Police के अनुसार, जिस स्थिति में जवान का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है, उससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि ट्रेन के रफ्तार पकड़ने के दौरान जवान ने खुद को ट्रेन के पहिए के सामने तो नहीं कर दिया था. हालांकि, पुलिस ने मौत की वजह को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. पत्नी और परिवार के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
जवान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम के लिए पहुंच रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल जीआरपी मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को देखा जा रहा है.
Must Read: शक्ल कुछ और, अंदर से कुछ और! बरेली में ‘Pure’ नाम देखकर पी रहे थे पानी, जांच में आया कुछ ऐसा, बिक्री पर रोक