समाचार · छत्तीसगढ़
राहुल-गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:सूरजपुर में FIR वापस लेने और हल्द्वानी घटना के दोषियों पर कार्रवाई की मांग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी सिटी कोतवाली में FIR दर्ज होने के विरोध में सोमवार शाम सूरजपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन चौक पर नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के स्थल पर भाजपा और RSS कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर जातिवादी शुद्धिकरण अनुष्ठान किया था। इसके विरोध में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की थी। भाजपा सरकार के दबाव में FIR दर्ज करने का आरोप जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उत्तराखंड पुलिस ने भाजपा सरकार के दबाव में राहुल गांधी के खिलाफ ही FIR दर्ज कर दी। कांग्रेस ने इसे प्रतिशोध की राजनीति और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का मामला बताया। FIR वापस लेने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने और हल्द्वानी की कथित घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।