Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मऊगंज में परिवार ने कलेक्टर-एसपी से लगाई न्याय की गुहार:घर में घुसकर की थी पिटाई, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

INT News20 July 2026 at 06:46 pm

मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कोट में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। मारपीट का एक वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित महिला रेनू तिवारी ने अपने आवेदन में बताया है कि उनके देवर प्रदीप तिवारी और अन्य लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने बोरवेल में लगी मोटर की केबल, रस्सी और पाइप काटकर मोटर को बोर में गिरा दिया, जिससे गांव की पेयजल व्यवस्था बाधित हो गई। आवेदन के अनुसार, पहले लगी मोटर को लेकर भी विवाद हुआ था। प्रशासन के निर्देश पर लगभग 28,500 रुपये खर्च कर नई मोटर लगाई गई थी, लेकिन उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि उन्होंने 3 जुलाई, 14 जुलाई और 15 जुलाई 2026 को नईगढ़ी थाने में शिकायतें दर्ज कराई थीं। सोमवार को पीड़ित महिला के पुत्र शिवम तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिवम तिवारी ने कहा कि उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, कलेक्टर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।