Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जेम्स एंड ज्वेलरी कोर्स को लेकर सराफा व्यापारियों का विरोध:राज्यपाल से मिलकर सौंपा ज्ञापन, युवाओं के रोजगार से जुड़ा पाठ्यक्रम सुधारने की मांग

INT News4 July 2026 at 08:53 pm

पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय में संचालित जेम्स एंड ज्वेलरी पाठ्यक्रम की अनियमितताओं को लेकर रायपुर के सराफा व्यापारियों ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पाठ्यक्रम की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए इसे तत्काल सुधारने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि शासन द्वारा पाठ्यक्रम के लिए लगभग 50 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने के बावजूद इस सत्र में प्रवेश बेहद कम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं है और पाठ्यक्रम का संचालन भी लगभग ठप हो चुका है। उनका कहना था कि राज्यपाल के पूर्व निर्देश के बाद भी पिछले छह महीनों में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

शीघ्र समाधान का दिया भरोसा ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि लंबे समय से पाठ्यक्रम की समीक्षा बैठक नहीं हुई है। न तो विद्यार्थियों के प्लेसमेंट की कोई योजना बनाई गई और न ही नए प्रवेश बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए गए। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण 'स्किल इंडिया' की भावना के अनुरूप शुरू किया गया यह रोजगारपरक पाठ्यक्रम अपने उद्देश्य से भटक गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर पाठ्यक्रम के नियमित संचालन और आवश्यक सुधार के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में हरख मालू, प्रमित नियोगी, देवेंद्र सोनी, रविकांत लूक्कड़ और अमित अंबानी सहित अन्य सराफा व्यापारी मौजूद रहे।