समाचार · मध्य प्रदेश
तेज रफ्तार ट्रक ने 7 गायों को रौंदा:200 मीटर तक पहियों में घिसटती रहीं, 3 की मौत; ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिलौआ थाना क्षेत्र में राजपूत ढाबे के पास देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने गायों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में 3 गायों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक के पहियों में फंसी तीन गाय करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गईं। हादसे के बाद ढाबे पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया। चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। पीछा कर पकड़ा गया हरियाणा का चालक हादसा देखकर राजपूत ढाबे पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने अपनी गाड़ियों से ट्रक का पीछा किया। कुछ दूरी पर उन्होंने ट्रक को घेरकर रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। चालक की पहचान इमरान खान निवासी मेवात, हरियाणा के रूप में हुई है। वह ग्वालियर से ट्रक लेकर झांसी की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों ने चालक का वीडियो भी बनाया, जिसमें वह गलती स्वीकार करते हुए गायों पर ट्रक चढ़ाने की बात कह रहा है। ट्रक जब्त, एफआईआर दर्ज पुलिस ने चालक इमरान खान को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया है। मृत गायों को हटाने और अंतिम संस्कार के लिए नगर परिषद व पशु चिकित्सा टीम को सूचना दी गई है। बिलौआ थाना प्रभारी ईला टंडन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।