समाचार · हरियाणा
पलवल में किडनैपिंग और लूट के 2 और आरोपी गिरफ्तार:सरियों से भरा ट्राला लूटा था; खुद को बताया था सेल्स टैक्स अधिकारी
पलवल CIA की टीम ने सोहना रोड पर ट्रक ड्राइवर का अपहरण कर सरिया से भरा ट्राला लूटने के मामले में दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के करनेरा गांव निवासी अमित कुमार और मानस के रूप में हुई है। CIA प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को दिल्ली निवासी योगेश गुप्ता ने शहर थाना पलवल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनका 18 टायरी ट्राला बोकारो (झारखंड) से लगभग 41.4 मीट्रिक टन सरिया लेकर आ रहा था। सोहना रोड पर बोलेरो सवार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। खुद को बताया था सेल्स टैक्स अधिकारी बदमाशों ने खुद को सेल्स टैक्स विभाग का अधिकारी बताया। उन्होंने ड्राइवर मुबारक खान के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। हथियार के बल पर उसका अपहरण कर राजस्थान के पिरुका गांव की पहाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद बदमाश सरिया से भरा ट्राला लूटकर फरार हो गए थे। ट्राले सहित 2 आरोपी पहले पकड़े शहर थाना पुलिस ने बाद में खाली ट्राला पलवल-रोहतक रोड से बरामद किया था। CIA पलवल टीम ने इस ब्लाइंड डकैती और ड्राइवर के अपहरण की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा किया। टीम ने पहले दो आरोपी जलालुद्दीन और हुसैन को लूटे गए सरिए और वारदात में इस्तेमाल दूसरे ट्राला सहित गिरफ्तार किया था। 3 दिन के पुलिस रिमांड पर मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और माल लोड करने वाले गोदामों का पता लगाने के लिए, पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान अमित कुमार और मानस के नाम सामने आए। CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दुधौला फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी बरामद करने, वारदात के स्थल की निशानदेही कराने और फरार अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने के लिए उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।