Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जमशेदपुर बंद: सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, दिखा आंशिक बंद

INT News11 August 2026 at 09:18 am

जमशेदपुर: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली तथा रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का असर मंगलवार सुबह से ही जमशेदपुर शहर में देखने को मिला. सुबह से ही शहर के कुछ चौक-चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर सड़कों पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक वाहनों के परिचालन का विरोध किया और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील की.

बंद का दिखा असर

भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोलमुरी चौक पर झंडा बैनर के साथ सड़क पर उतरे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद कराया. वहीं टेल्को में भी कई दुकानों को सुबह सुबह बंद पाया गया. हालांकि सुबह सुबह बंदी का बहुत ही व्यापक असर देखने को नहीं मिला. बंदी के कारण आम दिनों की तुलना में सड़कों पर बसों, ऑटो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का परिचालन काफी कम रहा.

ऑटो और बस सेवाएं का परिचालन आम दिनों की तुलना में कम होने के कारण सुबह-सुबह,ऑफिस, अस्पताल या अन्य जरूरी कामों के लिए निकले आम लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं बंद के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन झारखंड के युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ और छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ एक न्यायसंगत आवाज है.