Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा में बिजली गिरने से किसान की मौत, बेटा झुलसा:तेज बहाव के बीच पुल में फंसी पिकअप, 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट

INT News4 July 2026 at 08:47 am

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच बारिश और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसे भी सामने आए हैं। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में खेत में काम कर रहे किसान धनीराम पटेल (75) की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे एक दिन पहले सक्ती जिले में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई थी। वहीं, कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर गुरुवार शाम तेज बहाव में 20 से 25 यात्रियों से भरी पिकअप फंस गई। लोगों ने महिलाओं और बच्चों समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हुई। हालांकि मानसून के सक्रिय होने के बावजूद अब तक प्रदेश में सामान्य से 46% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। अब ये तस्वीरें देखिए… रायपुर का मौसम मौसम विभाग के अनुसार आज (शनिवार) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है, बिजली गिर सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।