Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आठ दिन के इंतजार के बाद रायसेन में मानसून सक्रिय:बारिश से 60 हजार हेक्टेयर में बुवाई तेज, सड़कों पर कीचड़ से परेशानी

INT News4 July 2026 at 09:32 am

रायसेन में आठ दिन के इंतजार के बाद मानसून सक्रिय हो गया। शुक्रवार दोपहर से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। धीमी गति की यह बारिश खेती के लिए लाभदायक मानी जा रही है। शनिवार सुबह स्कूली बच्चे छाता लेकर स्कूल पहुंचे। मौसम विभाग ने जिले में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई वार्डों और मुख्य बाजार की सड़कों पर कीचड़ फैल गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, किसानों के लिए यह बारिश राहत भरी रही। खेतों में नमी बढ़ने से खेती-किसानी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मानसून की सक्रियता के चलते खरीफ सीजन ने भी गति पकड़ ली है। जिले के किसान धान, सोयाबीन, मक्का, अरहर, उड़द सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में जुट गए हैं। कृषि विभाग के अनुसार, रायसेन जिले में अब तक 60 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई पूरी हो चुकी है। बारिश का यह दौर जारी रहने पर बुवाई का रकबा और तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।