समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद में गारमेंट्स शॉप में लगी आग:शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ हादसा; ऊपर गोदाम में रखा सामान भी जला
फतेहाबाद जिले के भट्टू कस्बे में हिसार रोड पर स्थित गारमेंट्स शॉप में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा तैयार गारमेंट्स का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जल गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के ऊपर बने गोदाम तक पहुंच गई, जहां रखा कपड़ों का स्टॉक भी पूरी तरह जल गया। घटना से दुकानदार को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें देखकर पड़ोस के लोगों ने दी सूचना जानकारी के अनुसार, न्यू दुर्गा गारमेंट्स एवं जनरल स्टोर शॉप में देर रात 11 बजे के बाद धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदार और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान और गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थीं। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों ने भी दमकल कर्मियों का सहयोग किया, जिससे आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आग सुबह तक धधकती रही। शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।