Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर में बोलेरो चालक को आया साइलेंट अटैक:बेकाबू गाड़ी ने एक्टिवा को मारी टक्कर, पुलिस ने सीपीआर देकर बचाई जान, महिला साथी फरार

INT News4 July 2026 at 09:42 am

जालंधर में काला सिंघा रोड पर देर रात एक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, बोलेरो चालक को अचानक साइलेंट अटैक (दिल का दौरा) आने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अचेत चालक को सीपीआर (CPR) दिया और एम्बुलेंस न मिलने पर अपनी गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के वक्त गाड़ी में सवार एक महिला मौके से फरार हो गई। मूकदर्शक बनी एक्टिवा चकनाचूर प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, दुबई कॉलोनी की गली के बाहर एक एक्टिवा खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बलेरो पिकअप गाड़ी सीधे आकर एक्टिवा में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा पूरी तरह गाड़ी के नीचे दबकर चकनाचूर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय एक्टिवा पर कोई सवार नहीं था और पास में कुर्सियां व मंजी (चारपाई) लगाकर बैठे लोग भी बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। ड्राइवर को आया साइलेंट अटैक, महिला साथी फरार मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के अनुसार, बोलेरो चालक गुरु नानक कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है जो अक्सर इसी इलाके में गाड़ी खड़ी करता था। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने या साइलेंट अटैक आने की वजह से वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद गाड़ी में सवार एक महिला, जो शायद चालक की जानकार थी, डर के मारे मौके से भाग निकली। पुलिस ने सीपीआर देकर बचाई जान घटना की सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि गाड़ी के अंदर ही फंसे चालक की हालत बेहद गंभीर थी और उसकी सांसें थम रही थीं। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही उसे सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। काफी कोशिशों के बाद भी जब सरकारी एम्बुलेंस का नंबर नहीं लगा, तो पुलिस समय गंवाए बिना अचेत ड्राइवर को अपनी ही सरकारी गाड़ी में डालकर नजदीकी अस्पताल के लिए रवाना हुई। पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश में जुट गई है और गाड़ी को साइड करवाकर रास्ता साफ कराया जा रहा है।