समाचार · मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा में मोबाइल शॉप की वैन से लूट की कोशिश:91 हजार रुपए बचाए गए, एक आरोपी पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया
छिंदवाड़ा शहर के मॉडल रोड पर शुक्रवार रात जैन मोबाइल शॉप की प्रचार वैन को निशाना बनाकर लूट का प्रयास किया गया। बदमाशों ने वाहन में तोड़फोड़ कर बैग में रखी नकदी लूटने की कोशिश की, लेकिन दुकान संचालक की सतर्कता से रकम सुरक्षित बचा ली गई। मामले में एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जबकि दो अन्य युवकों के भी घटना में शामिल होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार, मानसरोवर निवासी और जैन मोबाइल शॉप के संचालक नरेंद्र जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात उनकी मोबाइल प्रचार वैन वसूली कर लौट रही थी। इसी दौरान मॉडल रोड पर कुछ युवकों ने वाहन को रोककर उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी और बैग में रखे करीब 91 हजार 800 रुपए लूटने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचे और एक आरोपी युवक को पकड़ लिया। साथ ही नकदी से भरा बैग भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पकड़े गए युवक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य युवकों की भूमिका भी सामने आई है। शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।