समाचार · हरियाणा
नारनौल से दो दिन में 2 युवतियों समेत 4 लापता:दो की उम्र 18 व 19 साल, एक 22 साल की राजस्थान की महिला भी
हरियाणा के नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों के दौरान दो युवतियों और दो महिलाओं के लापता होने के चार अलग-अलग मामले सामने आए हैं। सभी मामलों में परिजनों ने काफी तलाश के बाद संबंधित थानों में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इनकी तलाश शुरू कर दी। पहला मामला थाना निजामपुर क्षेत्र का है, जहां गांव छीलरो से 19 वर्षीय युवती सुबह घर से बिना बताए चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में एक युवक पर संदेह भी जताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर से भी लड़की गायब दूसरा मामला थाना शहर नारनौल क्षेत्र का है, जहां मोहल्ला बड़ा बाग से 18 वर्षीय युवती रात के समय घर से लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मानसिक परेशान महिला लापता तीसरा मामला शहर के दयानगर क्षेत्र का है। यहां 57 वर्षीय महिला दोपहर के समय घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार महिला का मानसिक संतुलन पूरी तरह ठीक नहीं है। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दी गई। राजस्थान की रहने वाली महिला गई चौथा मामला शास्त्री नगर क्षेत्र का है, जहां 22 वर्षीय विवाहिता रात के समय घर से बिना बताए चली गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उक्त महिला यहां रिश्तेदारी में रहती थी, जो मूल रूप से राजस्थान के नीम का थाना की निवासी है। मामला दर्ज, तलाश शुरू चारों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लापता महिलाओं और युवतियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।