समाचार · मध्य प्रदेश
जोहिला डैम के दो गेट खुले:उमरिया में बारिश से राहत, धान की फसल डेढ़ माह लेट
उमरिया जिले में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के दो गेट खोल दिए गए हैं। यह कदम जिले में शनिवार से शुरू होकर सोमवार तक जारी बारिश के बाद उठाया गया है। इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 20.2 इंच (541.7 मिमी) बारिश दर्ज की गई है। डैम के गेट खोले जाने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग पानी का नजारा देखने पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 10 अगस्त तक हुई बारिश सामान्य वार्षिक औसत 47.86 इंच की तुलना में काफी कम है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में औसतन 33.32 इंच बारिश दर्ज की गई थी, इस तरह इस साल पिछले वर्ष की तुलना में करीब 13 इंच कम बारिश हुई है। जिले के वर्षामापी केंद्रों में बांधवगढ़ क्षेत्र में सर्वाधिक 25.97 इंच बारिश दर्ज हुई है। इसके बाद पाली में 24.06 इंच, नौरोजाबाद में 23.11 इंच, करकेली में 22.45 इंच, मानपुर में 18.56 इंच, चंदिया में 16.71 इंच और बिलासपुर में 16.07 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। किसानों को इस बारिश से कुछ राहत मिली है। किसान जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि बारिश न होने के कारण उन्हें फसलों को बचाने के लिए खेतों में पानी देना पड़ रहा था। अब समय पर हुई बारिश से धान सहित अन्य फसलों को लाभ मिलेगा। देर से हुई बारिश कृषि वैज्ञानिक डॉ. धनंजय सिंह ने बताया कि इस बार बारिश देर से हुई है। हालांकि, वर्तमान बारिश किसानों के लिए राहत भरी है, लेकिन धान की फसल लगभग डेढ़ माह पीछे हो चुकी है। बारिश में देरी का असर फसल की पैदावार पर भी पड़ने की संभावना है।