समाचार · पंजाब
जालंधर में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म:घर पर बुलाकर बनाया हवस का शिकार, पॉक्सो एक्ट में केस; आरोपी की तलाश में पुलिस की रेड
जालंधर के वेस्ट हल्के के भार्गव कैंप इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पड़ोसी प्रवासी युवक द्वारा 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित परिवार घटना से महज 2 दिन पहले ही जालंधर के भार्गव कैंप क्षेत्र में रहने के लिए आया था। इसी दौरान नाबालिग बच्ची की जान-पहचान और दोस्ती पड़ोस में ही रहने वाले एक प्रवासी युवक से हो गई। दोनों आपस में बातचीत करने लगे और साथ घूमते-फिरते थे। एसीपी आतिश भाटिया (ACP) ने बताया कि घटना वाली रात आरोपी युवक ने नाबालिग को 12 बजे घर पर बुलाया। नाबालिग अपने घर में परिजनों को बिना बताए और बिना कुछ कहे पड़ोसी युवक के घर चली गई। वहां पहुंचने पर आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मां को सुनाई आपबीती, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद सहमी हुई बच्ची जब वापस आई, तो उसने अपनी मां को इस घिनौनी हरकत के बारे में पूरी आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद मां अपनी बेटी को साथ लेकर नजदीकी पुलिस थाने पहुंची और आपबीती बताते हुए लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। रिपोर्ट आने व कोर्ट में दर्ज होने वाले बयानों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।