समाचार · हरियाणा
सोनीपत में वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 2 गंभीर:राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया; दिल्ली से मुरथल परांठे खाना आ रहे थे युवक
सोनीपत में बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दिल्ली से मुरथल परांठे खाने जा रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को दी शिकायत में रोहिणी (दिल्ली) निवासी संतोष ने बताया कि वह रात करीब 10:45 बजे अपने परिवार के साथ मुरथल के लिए निकले थे। उनके साथ उनकी पत्नी के मौसेरे भाई आनंद कुमार और उनके दोस्त सौरभ अपनी बाइक (DL 8SDR 1955) पर आगे चल रहे थे। संतोष का साला अभिषेक स्कूटी पर उनके पीछे आ रहा था। वाहन बाइक को सीधी टक्कर मारी रात करीब 11:15 बजे अभिषेक ने संतोष को फोन कर सूचना दी कि बहालगढ़ फ्लाईओवर पर किसी अज्ञात वाहन ने आनंद की बाइक को सीधी टक्कर मार दी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद और सौरभ सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती करवाया सूचना मिलते ही संतोष मौके पर पहुंचे। राहगीरों और परिजनों की मदद से आनंद को पास के फिम्स (FIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सौरभ को इलाज के लिए दिल्ली के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और वे फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। घायलों के बयानों पर ड्राइवर पर केस मामले की सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना से एएसआई राजू पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। घायलों के बयान दर्ज न हो पाने के कारण पुलिस ने मौके पर मौजूद संतोष की लिखित शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ BNS की धारा 281 और 125(A) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन व चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।