Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

मां से वीडियो कॉल पर बात और फिर सिपाही ने दे दी जान, महिला कांस्टेबल पर लगा प्रताड़ना का आरोप, जाने पूरा मामला

INT News11 August 2026 at 01:00 pm

UP News : गोमतीनगर थाने में तैनात 26 वर्षीय सिपाही आकाश यादव ने रविवार को बैरक में फंदा लगाकर जान दे दी. आकाश मूल रूप से बिजनौर के चांदपुर का रहने वाला था और गोमतीनगर थाने में सिपाही के पद पर तैनात था. मृतक के पिता ने थाने में तैनात एक महिला सिपाही पर बेटे को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला सिपाही के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पिता ने महिला सिपाही पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

मृतक सिपाही के पिता अनिल यादव ने आरोप लगाया है कि थाने में तैनात एक महिला सिपाही उनके बेटे को काफी समय से मानसिक रूप से परेशान कर रही थी. पिता के मुताबिक, प्रताड़ना के कारण आकाश तनाव में रहता था. हालांकि, उसने परिवार के किसी सदस्य से इस बारे में खुलकर बात नहीं की थी. परिजनों के अनुसार, शनिवार को आकाश ने अपनी मां सुनीता देवी से वीडियो कॉल पर बातचीत भी की थी. उस समय परिवार को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकता है. पिता ने बताया कि परिवार आकाश की शादी के लिए रिश्ता भी तलाश रहा था.

नामजद एफआईआर को लेकर परिवार ने जताया विरोध

आकाश के पिता का आरोप है कि जब उन्होंने महिला सिपाही के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, तो शुरुआत में पुलिस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का दबाव बना रही थी. परिवार के विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी महिला सिपाही को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की.

CDR समेत दूसरे साक्ष्यों की होगी जांच

मामले में गोमतीनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) समेत अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी. आरोपी महिला सिपाही से भी पूछताछ की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

खुदकुशी का विचार आए तो तुरंत मदद लें

अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में खुदकुशी का विचार आ रहा है, तो इसे गंभीर स्थिति मानें और तुरंत मदद लें. भारत सरकार की Tele-MANAS हेल्पलाइन 14416 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है. विशेषज्ञों से गोपनीय तरीके से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता ली जा सकती है.

Also read : UP के कारीगरों के लिए बड़ी खुशखबरी, मुफ्त ट्रेनिंग के साथ मिलेगा 10 हजार का टूलकिट और 10 लाख तक लोन