Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

डेंगू के खिलाफ एक्शन मोड में बंगाल सरकार, 3 दिन में 22 जिलों की 128 नगरपालिकाओं में चलाया स्वच्छता संकल्प अभियान

INT News6 September 2026 at 09:39 pm

Swachhata Sankalp Abhiyan Bengal: पश्चिम बंगाल को कचरा मुक्त बनाने और डेंगू के प्रकोप पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से 3 दिन तक पूरे राज्य में ‘स्वच्छता संकल्प अभियान’ चलाया गया. राज्य के नगर विकास एवं नगर निकाय मामले विभाग (Urban Development and Municipal Affairs Department) द्वारा संचालित इस विशेष अभियान की रिपोर्ट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की.

3 दिन में 1600 से अधिक वार्ड में पहुंची टीमें

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत 3 दिन तक राज्य के 22 जिलों की 128 नगरपालिकाओं के 1,600 से अधिक वार्डों में बड़े पैमाने पर सफाई और डेंगू रोधी गतिविधियां चलायी गयीं.

नालों व कचरे की सफाई, डेंगू को रोकने की कार्रवाई

स्वच्छता संकल्प अभियान के दौरान 6,065 नालों की गाद और कचरे की सफाई की गयी. इसके साथ ही 1,608 स्थानों पर फैले कचरे के ढेरों और 4,511 सड़कों के किनारे पड़े कूड़े को पूरी तरह साफ किया गया. मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए राज्यभर में 27,378 संभावित प्रजनन स्थलों को नष्ट किया गया और एंटी-लारवा दवाइयों का छिड़काव किया गया.

ये भी पढ़ें: आज कोलकाता नगर निगम का दौरा करेंगे शुभेंदु अधिकारी, स्वच्छता अभियान के आगाज से पहले प्रशासन अलर्ट

सार्वजनिक स्थानों की सफाई से जुड़े आंकड़े

1,106 बाजार और हाट परिसर में सफाई की गयी.

1,304 स्कूल और कॉलेज कैंपस में सफाई अभियान चलाया गया.

544 सरकारी कार्यालय और उसके कैंपस की सफाई की गयी.

315 अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास के इलाके की सफाई की गयी.

स्वच्छता अभियान में 118 एनजीओ की भागीदारी

नागरिकों को जागरूक करने के लिए 35,000 से अधिक IEC (सूचना, शिक्षा और संचार) सामग्रियों का वितरण हुआ. इस अभियान में 118 गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और सिविल सोसाइटी संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया.

ये भी पढ़ें: नमामि गंगे पर शुभेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान, कोलकाता के ऐतिहासिक मायेर घाट की मुख्यमंत्री ने की सफाई

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की लोगों से अपील

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें. उन्होंने कहा कि ऐसा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. इस स्वच्छता अभियान को एक जनआंदोलन बनाकर बंगाल को डेंगू मुक्त और स्वच्छ बनाने का भी उन्होंने आह्वान किया.