समाचार · छत्तीसगढ़
गांजा तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार:कांकेर पुलिस ने सुकमा से दबोचा, कार से 20 किलो गांजा हुआ था बरामद
कांकेर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक फरार आरोपी को सुकमा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे सुकमा के पट्टनमपारा से पकड़ा है। यह मामला कांकेर जिले के सिटी कोतवाली थाना का है। बीते 27 अगस्त को थाना प्रभारी के आदेश पर पीएसआई जोंटी सिंह और उनकी टीम कांकेर बायपास आवासपारा मनकेशरी चौक के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान CG 08 BG 6871 नंबर की एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 20.235 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 1,21,410 रुपए बताई गई है। इस मामले में सिटी कोतवाली कांकेर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस केस में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका था। लेकिन आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान घटना के बाद से ही फरार था। जांच के दौरान 4 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसमें बताया गया कि फरार आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान (27) सुकमा के पट्टनमपारा में रह रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के आदेश से पीएसआई जोंटी सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने सुकमा जिले के पट्टनमपारा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद 5 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।