समाचार · मध्य प्रदेश
भारी बारिश से प्रभावित इलाकों में पहुंचे कलेक्टर:पहाड़गढ़-कैलारस के गांवों का किया निरीक्षण, निमांस हाईस्कूल में राहत शिविर; सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
मुरैना जिले में लगातार बारिश से प्रभावित गांवों का जायजा लेने कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ रविवार को पहाड़गढ़ और कैलारस विकासखंड के गांवों में पहुंचे। उन्होंने लीलहर का पुरा, रीझोनी, बिशनोरी और निमांस-जोनारा गांवों में ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी बचाव कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से इन गांवों में पानी भर गया है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। कलेक्टर जांगिड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी कम होते ही प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से सर्वे कराया जाए। इसमें फसल, मकान और अन्य नुकसान का आकलन किया जाएगा। प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। हाईस्कूल में राहत शिविर कलेक्टर ने शासकीय हाईस्कूल निमांस का भी निरीक्षण किया। यहां बारिश से प्रभावित ग्रामीणों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविर में भोजन, पीने का पानी, बिजली, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम शुभम शर्मा, संबंधित तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।