Monday, 7 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बागली में दूध गर्म करने पर रबर की तरह खिंचा:खाद्य विभाग ने डेयरी सील की, VIDEO वायरल होने पर कार्रवाई, संचालक ने आरोपों को गलत बताया

INT News6 September 2026 at 10:25 pm

देवास के बागली क्षेत्र के छतरपुरा गांव में एक निजी डेयरी के दूध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में दूध को गर्म करने पर वह जैली जैसा होकर रबर की तरह खिंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो और शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने रविवार को डेयरी को सील कर दिया। विभाग ने दूध के सैंपल भी लिए हैं। जांच रिपोर्ट का इंतजार है। शिकायत छतरपुरा गांव के राहुल पाटीदार ने की थी। शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने पहले भी डेयरी से दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे। रविवार को डेयरी सील करने की कार्रवाई के दौरान भी टीम ने सैंपल लिए। विभाग के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वायरल वीडियो में निजी डेयरी से लाए गए दूध को गर्म करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में दूध सामान्य तरीके से उबलने या फटने की बजाय जैली जैसा होकर रबर की तरह खिंचता दिखाई दे रहा है। इसी वीडियो के आधार पर राहुल पाटीदार ने शिकायत की थी। रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर टीम के साथ बागली पहुंचे। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों और दुकानदारों ने विरोध किया। इसके बावजूद विभाग की टीम ने डेयरी को सील कर दिया और दूध के सैंपल लिए। लैब रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायत के बाद रविवार को डेयरी को सील किया गया है। पहले लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। 6 सितंबर को भी दूध के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डेयरी संचालक विशाल विश्वकर्मा ने राहुल पाटीदार के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जिस दिन राहुल पाटीदार ने डेयरी से दूध लिया था, उसी दिन उन्होंने 80 से 90 लीटर दूध दूसरे ग्राहकों को भी बेचा था। संचालक के मुताबिक, किसी अन्य ग्राहक ने दूध को लेकर कोई शिकायत नहीं की।