Monday, 7 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

चिन्नाबोड़केल जंगल में सुरक्षा बलों को नक्सली डंप मिला:जंगल में छिपाकर रखा था सामान, सर्चिंग में हथियार-विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भारी मात्रा में बरामद

INT News6 September 2026 at 10:44 pm

सुकमा के चिंतलनार थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का एक पुराना डंप बरामद किया है। चिन्नाबोड़केल गांव के पहाड़ी और जंगल इलाके में मिले इस डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक, इलेक्ट्रॉनिक सामान और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें मिली हैं। यह कार्रवाई 5 सितंबर को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, सीआरपीएफ अधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाया गया। कैंप रायगुडेम से 223वीं वाहिनी सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम चिन्नाबोड़केल के पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में पहुंची थी। सर्चिंग में हथियार-विस्फोटक समेत भारी सामान मिला सर्चिंग के दौरान जवानों को एक देशी राइफल (भरमार), BGL हथियार बनाने के लिए 57 पाइप, 3 आईईडी कंटेनर, वायरलेस सेट और डेटोनेटर मिले। इसके अलावा करीब 1 किलो गन पाउडर और 3 किलो यूरिया भी बरामद हुआ। डंप से 5 शॉक ट्यूब असेंबली, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 3 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, छोटे-बड़े पटाखे और करीब 500 ग्राम स्प्लिंटर भी मिले। इसके साथ ही 18 लोहे की स्पाइक बरामद की गई हैं। सुरक्षा बलों को बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी मिला। इसमें बैटरी सहित 2 वायरलेस सेट, 2 लिथियम बैटरी, 3 बड़ी बैटरी, 3 बंडल बिजली के तार और 28 छोटी बैटरियां शामिल हैं। इसके अलावा 2 रेडियो सेट, चार्जर, सर्किट बोर्ड, AC/DC पावर इन्वर्टर और 20 हजार एमएएच का पावर बैंक भी बरामद हुआ है। नक्सली झंडा और साहित्य बरामद टीम को डंप से 2 खराब मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले। इसके अलावा नक्सली झंडा और 25 नक्सली साहित्य बरामद किया गया। डंप से काली यूनिफॉर्म, बेल्ट, घुंघरू, तीर-कमान, स्पाइक, मेडिकल सामान, मच्छरदानी और एम-सील जैसी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी मिली हैं। पुलिस ने डंप को सुरक्षित तरीके से हटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।