Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

नगरीय सचिव की निगम अफसरों को फटकार:जलभराव वाले इलाकों की तुरंत सफाई कराएं, 15-15 दिन में निर्माण कार्यों की समीक्षा होगी

INT News4 July 2026 at 08:56 pm

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने शनिवार को रायपुर नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शहर में जलभराव, अधूरे विकास कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, स्वच्छता और कर्मचारियों के वेतन भुगतान जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में सचिव ने कहा कि जिन विकास कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन तकनीकी कारणों से शुरू नहीं हो पाए हैं, उन्हें जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि वे हर 15 दिन में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करें। जलभराव वाले इलाकों की पहचान कर स्थायी समाधान के निर्देश बारिश के मौसम को देखते हुए सचिव ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे एक ही स्थान पर बार-बार जलभराव की स्थिति न बने। साथ ही राजधानी की सफाई व्यवस्था को राज्य की राजधानी के अनुरूप बेहतर बनाने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को 100 प्रतिशत प्रभावी करने और कचरा परिवहन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। पीएम आवास और पीएम स्वनिधि के काम में तेजी लाने को कहा समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवास निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कर्मचारियों का वेतन समय पर देने के निर्देश सचिव ने निगम के नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों को तय समय पर वेतन मिले, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अच्छा काम करने वाले अफसरों को मिलेगी स्टडी टूर की सौगात बैठक के दौरान सचिव ने वार्ड प्रभारियों और अभियंताओं से भी चर्चा की। उन्होंने बेहतर काम करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को नगरीय विकास के बेहतर मॉडल देखने के लिए राज्य से बाहर अध्ययन यात्रा पर भेजा जाएगा। एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर और नालंदा-2 का किया निरीक्षण बैठक के बाद सचिव आर. शंगीता ने सोनडोंगरी स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालंदा-2 के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी और तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने टाटीबंध महतारी सदन और नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा दोनों के संचालन पर संतोष जताया।