समाचार · हरियाणा
भिवानी में पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन का धरना:वायदाखिलाफी के विरोध में रोष प्रदर्शन, बोले- मांग नहीं मानने तक धरने पर बैठेंगे
भिवानी में हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कमेटी के आह्वान पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने यमुना जल सेवाएं परिमंडल, भिवानी के अधीक्षक अभियंता कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर सरकार व विभाग के खिलाफ हुंकार भरी। यूनियन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यह अनिश्चितकालीन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक कर्मचारियों की तमाम जायज मांगों और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कर दिया जाता। धरने की अध्यक्षता जिला उप प्रधान रामशरण खुंडिया ने की, जबकि मंच का संचालन जिला सचिव सोमबीर पालवास द्वारा किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में राज्य सह सचिव संदीप सौरखी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा की। कर्मचारी सड़कों पर उतरने को मजबूर
राज्य सह सचिव संदीप सौरखी ने कहा कि मौजूदा सरकार और विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से उदासीन बने हुए हैं। कर्मचारी ठंड, धूप और तमाम परेशानियों के बीच सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। लेकिन शासन-प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। हमारी मांगें पूरी तरह से न्यायसंगत हैं। यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया, तो यह आंदोलन न केवल भिवानी तक सीमित रहेगा। बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश में इसका विस्तार किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। मांग पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा धरना
जिला उप प्रधान रामशरण खुंडिया ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कुछ मांगों की नहीं, बल्कि कर्मचारियों के मान-सम्मान और हक की है। विभाग के अधिकारी लगातार हमारी अनदेखी कर रहे हैं, जिसे अब और सहन नहीं किया जाएगा। जब तक हमारी एक-एक मांग का समाधान लिखित रूप में नहीं हो जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना ऐसे ही डटकर जारी रहेगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रमोद राठी, हरीश, नीरज, मोहित कौशिक, जोगेंद्र मास्टर, रामकिशन फौजी, अजय मावर, अमित परमार, प्रदीप दलाल, जगदीप फौगाट, सोनू, अरुण, कुलवंत, और अनूप कोटिया सहित अन्य कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।