समाचार · मध्य प्रदेश
आखिर किसे जीएम बनाना चाहते हैं परिवहन अफसर:एमपी यात्री परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर में नियुक्तियों पर सवाल, 45 साल से कम नहीं कर रहे आयु सीमा
प्रदेश में शुरू होने वाली मध्यप्रदेश सुगम बस परिवहन सेवा में परिवहन विभाग के अधिकारी अपने चहेतों को उपकृत करने की तैयारी में है। यह स्थिति इसलिए सामने आ रही है क्योंकि विभाग के अफसरों ने इस कम्पनी में जनरल मैनेजर (जीएम) के पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 साल रखी है। इस भर्ती विज्ञापन में बदलाव भी हुए हैं लेकिन जीएम पद के अधिकारी की नियुक्ति के लिए आयु सीमा नहीं घटाई जा रही है। एमपी सुगम बस परिवहन सेवा शुरू करने के लिए जब से कवायद शुरू हुई है तभी से इसकी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। इसके लिए बनाए गए प्राधिकरण में अफसरों की नियुक्ति को लेकर पहले ही हाईकोर्ट टिप्पणी कर चुका है और इसके चलते परिवहन विभाग को पुनर्गठन की कार्यवाही करनी पड़ी है। अब यहां की जाने वाली नियुक्तियों को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है। बताया जाता है कि एमपी यात्री परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MP YPIL) में महाप्रबंधक (GM) पद की भर्ती को लेकर उम्मीदवारों ने इसी के चलते तय आयु सीमा पर सवाल उठाए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि GM पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता BE और 12 वर्ष का प्रशासनिक कार्यानुभव तय किया गया है, जबकि न्यूनतम आयु सीमा 45 वर्ष रखी गई है। दावेदारों ने इसे योग्यता और अनुभव की शर्तों के अनुरूप नहीं बताते हुए आयु सीमा 35 वर्ष करने की मांग की है। इनका कहना है कि सामान्य तौर पर कोई उम्मीदवार करीब 21-22 वर्ष की उम्र में BE की पढ़ाई पूरी करता है। इसके बाद 12 वर्ष का अनुभव हासिल करने पर उसकी उम्र लगभग 33-35 वर्ष होती है। ऐसे में 45 वर्ष की न्यूनतम आयु सीमा निर्धारित होने से योग्यता और अनुभव पूरा करने वाले कई संभावित अभ्यर्थी आवेदन से बाहर हो सकते हैं। CGM पद को लेकर भी उठे सवाल उम्मीदवारों ने यहां की जाने वाली CGM पद की आयु सीमा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि CGM, GM से उच्च स्तर का पद है, इसके बावजूद दोनों पदों के लिए समान आयु सीमा रखी गई है। वहीं, भर्ती प्रक्रिया में जारी किए गए शुद्धिपत्रों में अन्य पदों की आयु सीमा में बदलाव किया गया है। मैनेजर की आयु सीमा 40 से घटाकर 35 वर्ष अभ्यर्थियों का दावा है कि विभाग की ओर से अब तक तीन शुद्धि पत्र जारी किए जा चुके हैं। इनमें मैनेजर पद की आयु सीमा 40 वर्ष से घटाकर 35 वर्ष कर दी गई है, जबकि GM पद की आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया। इसे लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष है और वे GM पद की आयु सीमा की भी समीक्षा की मांग कर रहे हैं। CS और परिवहन सचिव को भेजे ई-मेल इस मामले को लेकर कई अभ्यर्थियों ने मुख्य सचिव (CS) और परिवहन विभाग के सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर GM पद की आयु सीमा कम करने की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग का उद्देश्य योग्य उम्मीदवारों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि GM पद की न्यूनतम आयु सीमा 45 वर्ष से घटाकर 35 वर्ष की जाए, ताकि BE की शैक्षणिक योग्यता और 12 वर्ष के निर्धारित अनुभव वाले अधिक से अधिक अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें।