Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

एसपी ने 3 पुलिसकर्मियों को दिया प्रशंसा पत्र:22 साल से फरार PO पकड़ा, 11 चोरियों का पता लगाकर 17 लाख की रिकवरी करवाई

INT News12 August 2026 at 05:57 pm

हिसार में पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर पुलिसिंग करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एसपी सिद्धांत जैन ने तीन पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र, एएसआई सुभाष चंद्र और सिपाही सोनू शामिल हैं। एसपी ने कहा कि ईमानदारी, मेहनत और कर्तव्य के प्रति समर्पण से किए गए कार्य न केवल विभाग को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाते हैं। अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्साह बना रहे। इन पुलिसकर्मियों को इन कार्यों के लिए मिला सम्मान… 22 साल से फरार PO को दबोचा, NDPS आरोपी की संपत्ति फ्रीज कराई: सब इंस्पेक्टर सुभाष चन्द्र ने हत्या के एक पुराने मामले में वर्ष 2002 से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी (P.O.) को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा NDPS एक्ट के तहत एक मामले में आरोपी की संपत्ति फ्रीज करवाने की कार्रवाई भी कुशलतापूर्वक पूरी की। 11 चोरी के मामले सुलझाए और NDPS में कार्रवाई: थाना उकलाना में तैनात एएसआई सुभाष चन्द्र ने केसों की गहनता से जांच करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की और चोरी की 11 वारदातों का खुलासा कर मामलों को ट्रेस किया। फिंगरप्रिंट मैच कराकर मंदिर चोरी का केस सुलझाया, 17 लाख का सामान बरामद: थाना बरवाला के सिपाही सोनू ने गांव पाबड़ा में हुई मंदिर चोरी की वारदात में सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ मिलकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट उठवाने और उनका सटीक मिलान करवाने में मुख्य भूमिका निभाई। इस वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उससे करीब 17 लाख रुपये की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई।