Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सारणी में सुनसान सड़क पर राहगीर को घेरकर लूट:मोबाइल छीना, जबरन 50 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कराए; चार आरोपी गिरफ्तार

INT News18 August 2026 at 03:56 pm

बैतूल के सारणी थाना क्षेत्र में राहगीर से लूट के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनसान सड़क पर 57 साल के संजीव त्रिपाठी को घेरकर धमकाया और मारपीट की थी। इसके बाद मोबाइल से 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और 4,500 रुपए नकद व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना 14 अगस्त की रात खैरवानी के पास ग्राम तेंदूखेड़ा की मुख्य सड़क पर हुई। संजीव त्रिपाठी जुन्नारदेव से सारणी लौट रहे थे। रास्ते में वे कार से उतरकर लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान दो बाइक पर चार युवक पहुंचे और उन्हें घेर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने संजीव को डराया-धमकाया और मारपीट की। इसके बाद उनसे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए और नकदी व मोबाइल लेकर भाग गए। दो बाइक और मोबाइल बरामद संजीव ने 15 अगस्त को सारणी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद चारों आरोपियों की पहचान कर 17 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद उईके, सुभाष उर्फ अमन बेलवंशी, कपिल धुर्वे और विनय धुर्वे शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 21 साल है। वे सारणी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।