Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण,:खरगोन में पुलिया निर्माण की मांग, कलेक्टर ने दिया आश्वासन

INT News18 August 2026 at 03:46 pm

खरगोन के दयालपुरा में ग्रामीण वेदा नदी के बाढ़ के पानी के बीच जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। यहां 40 साल पुरानी पुलिया है। ग्रामीण इसकी जगह नया पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अपरवेदा बांध की नहर और नहर का पानी भी नदी में आ रहा है। इससे नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गांव की करीब 3 हजार आबादी में से 90 प्रतिशत लोगों के खेत नदी के दूसरी तरफ हैं। ऐसे में खेतों से उपज बैलगाड़ी या मजदूरों के जरिए लाना जोखिम भरा हो गया है। दिनेश पटेल, रवींद्र यादव और दिलीप पंचोली ने बताया कि बारिश के कारण ग्रामीण पिछले एक महीने से इस परेशानी का सामना कर रहे हैं। एक सप्ताह पहले क्षेत्र में बैलगाड़ी और पशुओं के बह जाने की घटनाएं भी हुई हैं। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। 150 से ज्यादा ग्रामीण कलेक्टर से मिले मंगलवार को 150 से अधिक ग्रामीणों ने कलेक्टर गुरु प्रसाद से मुलाकात की। उन्होंने अपनी समस्या बताई और जर्जर पुलिया की जगह नया पुल बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिया का जल्द तकनीकी निरीक्षण कराने के साथ वर्तमान पुलिया की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। ग्रामीणों के अनुसार, नया पुल बनने से तहसील मुख्यालय के साथ क्षेत्र के 10 से अधिक गांव आपस में जुड़ जाएंगे। इससे लोगों का आवागमन आसान होगा। कलेक्टर गुरु प्रसाद ने ग्रामीणों की समस्या सुनी और पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने नए बजट में पुल निर्माण की उम्मीद भी जताई।