समाचार · मध्य प्रदेश
विदिशा में 30 फीट ऊंचे पुल से कूदी स्कूली छात्रा:सेल्समैन ने 150 मीटर तैरकर बचाया; CPR देकर बचाई जान
विदिशा में पड़रिया सोठिया के बेतवा बायपास पर 30 फीट ऊंचे पुल से मंगलवार सुबह 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने छलांग लगा दी। छात्रा को नदी में डूबता देख रायसेन शहर निवासी विनोद पटेरिया, जो एक निजी कंपनी में सेल्समैन हैं, ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। पटेरिया ने करीब 150 मीटर तैरकर छात्रा को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान छात्रा के शरीर में पानी भर गया था और वह सांस नहीं ले पा रही थी। मौके पर मौजूद कुछ युवाओं ने छात्रा के शरीर से पानी निकालने का प्रयास किया और उसे पास के एक मंदिर में ले गए। विनोद पटेरिया ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक से विदिशा की ओर जा रहे थे। पड़रिया सोठिया के बेतवा बायपास पुल के पास वह कुछ देर के लिए रुके। उन्होंने देखा कि पुल पर एक लड़की खड़ी थी और उसकी स्कूटी भी पास में खड़ी थी। पटेरिया ने छात्रा से पूछा कि वह यहां क्यों खड़ी है, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने दोबारा बात करने का प्रयास किया। इसी दौरान छात्रा अचानक पुल पर चढ़ी और नदी में कूद गई। छात्रा को नदी में गिरते देख विनोद ने पुल से गुजर रहे कई वाहन ड्राइवरों को रोककर मदद मांगी, लेकिन कोई नहीं रुका। दो युवकों को साथ लेकर नदी के पास पहुंचे
मदद नहीं मिलने पर विनोद पुल के नीचे नदी की ओर दौड़े। रास्ते में उन्हें दो युवक मिले। उन्होंने दोनों युवकों को बताया कि एक लड़की पुल से नदी में कूद गई है और उसे बचाना है। दोनों युवक भी उनके साथ नदी की ओर चले गए। नदी में छात्रा को डूबते देख विनोद ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने करीब 150 मीटर तक तैरकर छात्रा को पकड़ा और उसे नदी के किनारे तक लेकर आए। इस दौरान साथ मौजूद युवकों ने भी छात्रा को बाहर निकालने में मदद की। नदी से बाहर निकालने के बाद छात्रा की हालत बेहद गंभीर थी। उसके शरीर में पानी भर गया था और वह सांस नहीं ले पा रही थी। मौके पर मौजूद युवाओं ने छात्रा के शरीर से पानी निकालने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रा को पुल के पास बने मंदिर में ले जाया गया। स्कूल बैग में मिले रजिस्टर से हुई पहचान
छात्रा के कंधे पर स्कूल बैग था। युवाओं ने बैग खोलकर उसमें रखे रजिस्टर को देखा, जिसमें छात्रा का नाम लिखा था। रजिस्टर में एक मोबाइल नंबर भी दर्ज था। उस नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी गई। कुछ देर बाद एक युवक मौके पर पहुंचा। इसके बाद छात्रा को एंबुलेंस के माध्यम से विदिशा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। विनोद पटेरिया ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। विदिशा से वापस बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान पूरा घटनाक्रम हुआ।