समाचार · पंजाब
तरनतारन में पटाखे खरीदकर लौट रहे दो लोगों को लूटा:एक से पिकअप तो दूसरे से रेहड़ी छीनी, हथियार दिखाकर दी धमकी
तरनतारन में पटाखे लेकर जा रहे लोगों को लुटेरों ने निशाना बनाया। दो अलग-अलग घटनाओं में बदमाश पटाखों से भरी महिंद्रा पिकअप और बाइक रेहड़ी लेकर फरार हो गए। एक वारदात में लुटेरों ने हथियार दिखाकर ड्राइवर को डराया और करीब 2 लाख रुपए के पटाखों से भरी पिकअप लूट ली। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथियार दिखाकर ड्राइवर को धमकाया अमृतसर-तरनतारन मुख्य मार्ग पर गांव गोहलवाड़ के पास पटाखों की बिक्री और भंडारण के लिए लाइसेंस प्राप्त गोदाम हैं। यहां से रोजाना थोक और खुदरा में पटाखों की खरीद-बिक्री होती है। बीती देर रात एक ड्राइवर गोदाम से करीब 2 लाख रुपए के पटाखे खरीदकर महिंद्रा पिकअप में लिंक सड़क से मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइकों पर आए कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ते में गाड़ी रोक ली। हथियार दिखाकर ड्राइवर को डराया और पटाखों से भरी पिकअप लेकर फरार हो गए। पटाखे लेकर जा रहे रेहड़ी ड्राइवर को भी लूटा दूसरी वारदात में बदमाशों ने थोक गोदाम से पटाखे लेकर जा रहे बाइक रेहड़ी ड्राइवर को निशाना बनाया। आरोपी पटाखों समेत उसकी रेहड़ी छीनकर फरार हो गए। थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी ने बताया कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।