समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में शिक्षक ने दी सामूहिक आत्मदाह की चेतावनी:दबंग पर जमीन कब्जाने और झूठे केस में फंसाने का आरोप; कलेक्ट्रेट से शिकायत
कटनी जिले के ग्राम हरदुआ निवासी शिक्षक केशव प्रसाद राय ने परिवार सहित सामूहिक आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। पीड़ित शिक्षक ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी और आरोप लगाया कि गांव का एक दबंग व्यक्ति उनकी निजी भूमि व मकान पर अवैध कब्जा कर रहा है। बाहरी लोगों को ठहराकर मानसिक उत्पीड़न का आरोप शिक्षक के अनुसार, गांव का गोपचंद नामक व्यक्ति बस स्टैंड हरदुआ स्थित उनके निजी मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आरोपी ने वहां कुछ बाहरी लोगों और एक महिला को अवैध रूप से ठहरा रखा है, जो उनके परिवार के साथ गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न करते हैं। हरिजन एक्ट में फंसाने की रची जा रही साजिश पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें हरिजन एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त संपत्ति पूरी तरह उनके स्वामित्व की है और राजस्व अभिलेखों (खसरा एवं बी-1) में भी उनके परिवार के नाम दर्ज है। पुलिस संरक्षण और बेदखली की मांग शिक्षक केशव प्रसाद राय ने कलेक्टर से परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल पुलिस संरक्षण और मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला, तो उनका पूरा परिवार सामूहिक आत्मदाह करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जवाबदेही प्रशासन की होगी।