समाचार · मध्य प्रदेश
ई-अटेंडेंस के विरोध में कृषि विस्तार अधिकारी हड़ताल पर:बोले- खेतों में जाकर काम संभालना पड़ता, ऑनलाइन हाजरी लगाना मुश्किल
शाजापुर में मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने ई-अटेंडेंस के खिलाफ मंगलवार से काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारी शाजापुर किला परिसर में कृषि विभाग दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। यह विरोध ऑनलाइन हाजिरी (ई-HRMS) लागू करने के फैसले के खिलाफ किया जा रहा है। संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत ने बताया कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का असली काम दफ्तर में नहीं बल्कि मैदान में होता है। एक-एक अफसर के पास 20 से 25 गांवों की जिम्मेदारी होती है। उन्हें खाद-बीज केंद्रों, खरीदी केंद्रों और किसानों के खेतों में जाकर काम संभालना पड़ता है। ऐसे में रोज सुबह-शाम किसी एक तय जगह पहुंचकर मोबाइल से ऑनलाइन लॉगिन और लॉगआउट करना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार हर अफसर के लिए कोई पक्का दफ्तर या हेडक्वार्टर बना दे, तो उन्हें ई-अटेंडेंस लगाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। 20 अगस्त तक धरना, 21 को भोपाल में प्रदर्शन जिलाध्यक्ष ने बताया कि शाजापुर में यह धरना 20 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद 21 अगस्त को पूरे प्रदेश के कृषि विस्तार अधिकारी छुट्टी लेकर भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों ने सरकार से इस नियम पर दोबारा सोचने की मांग की है।