Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रेलवे ट्रैक पर बेहोश मिले लड़का और लड़की:रीवा से आए थे इटारसी, स्टेशन पर घूमते रहे फिर खा लिया जहरीला पदार्थ

INT News16 September 2026 at 01:47 pm

इटारसी में रेलवे ट्रैक के पास बुधवार सुबह एक युवक और एक किशोरी बेहोश मिले। दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया था। डायल-112 की टीम ने उन्हें तुरंत इटारसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। युवक की पहचान 19 साल के अनूप शुक्ला के रूप में हुई है, जबकि किशोरी नाबालिग है। दोनों रीवा जिले के मनगवां इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों सुबह करीब 6 बजे इटारसी पहुंचे थे। बाजार से खरीदा जहरीला पदार्थ बताया जा रहा है कि पहले वे रेलवे स्टेशन गए और फिर बाजार से कोई जहरीला पदार्थ खरीदा। इसके बाद दोनों विष्णु कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां वे बेहोश मिले। जानकारी मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल अनूप रघुवंशी और आरक्षक अजय खातनकर ने दोनों को वहां से उठाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, डॉक्टरों ने उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। परिवार से संपर्क कर रही पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि दोनों इटारसी क्यों आए थे और उन्होंने जहरीला पदार्थ कहां से खरीदा। स्टेशन से बाजार और फिर रेलवे ट्रैक तक पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। नाबालिग किशोरी के साथ होने के कारण पुलिस मामला संदिग्ध मानते हुए उसके परिवार से भी संपर्क कर रही है।