Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

मोहाली में एक्टिवा सवार को ट्रक ने मारी टक्कर:बेटे के सामने ओवरटेक करते समय हादसा, बुजुर्ग गंभीर घायल, चालक फरार

INT News23 October 2026 at 09:13 pm

डेराबस्सी से अपने बेटे के साथ एक्टिवा पर लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग तरसेम चंद सिंगला एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उनके बेटे की आंखों के सामने हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। घायल बुजुर्ग का मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डेकाथलॉन पुल के पास हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। तरसेम चंद अपने बेटे विकास के साथ एक्टिवा पर सवार होकर डेराबस्सी से वापस लौट रहे थे। जब वे डेकाथलॉन पुल के सामने पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तरसेम चंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उनकी एक्टिवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद ट्रक लेकर हुआ फरार विकास ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक ने कुछ देर के लिए गाड़ी रोकी, लेकिन जैसे ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी, वह अपना ट्रक (नंबर HP-93-A-1329) लेकर तुरंत मौके से फरार हो गया। अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस कर रही तलाश हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल तरसेम चंद को पहले सिविल अस्पताल डेराबस्सी ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल और फिर स्थिति गंभीर होने पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया। जीरकपुर/डेराबस्सी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर (HP-93-A-1329) के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।