Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

अब धनबाद से संचालित होगा नया पोस्टल रीजन, जानिए आपके क्षेत्र पर क्या होगा असर

INT News23 October 2026 at 09:18 pm

धनबाद. डाक विभाग ने झारखंड पोस्टल सर्किल की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए नये धनबाद पोस्टल रीजन के गठन का निर्णय लिया है. इसका मुख्यालय धनबाद में होगा. पुनर्गठन का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, डाक सेवाओं के संचालन को बेहतर बनाने, व्यापार में वृद्धि और राजस्व में सुधार करना है. नयी व्यवस्था एक नवंबर 2026 से प्रभावी होगी.

वर्तमान में झारखंड पोस्टल सर्किल के अंतर्गत केवल रांची रीजन है. पुनर्गठन के बाद राज्य में धनबाद और रांची, दो पोस्टल रीजन होंगे. इसके साथ ही चार नये डाक मंडल और तीन नये उपमंडल भी गठित किये गये हैं.

धनबाद रीजन में छह डाक मंडल

नयी व्यवस्था के तहत धनबाद पोस्टल रीजन में देवघर, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, संताल परगना और नया बोकारो डिविजन शामिल होंगे. इससे इन क्षेत्रों की डाक प्रशासन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन धनबाद रीजन के माध्यम से किया जायेगा.

ये भी पढ़ें: ट्रेन से ग्रेविटी नल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कतरास की बर्तन दुकान से भारी मात्रा में माल बरामद

रांची रीजन में रहेंगे शेष मंडल

रांची पोस्टल रीजन के अंतर्गत गुमला, पलामू, रांची और सिंहभूम डिविजन के अलावा नये चाईबासा, खूंटी और रामगढ़ डिविजन शामिल रहेंगे. पुनर्गठन के बाद दोनों रीजन के माध्यम से राज्य में डाक विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होगी.

प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर जोर

डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और क्षेत्रीय स्तर पर कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना है. नये रीजन और डाक मंडलों के गठन से संबंधित क्षेत्रों में डाक सेवाओं के प्रबंधन तथा व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.