sports
क्या गुजरात टाइटंस में फिर से होगी हार्दिक पांड्या की वापसी? कप्तानी को लेकर फंसा पेंच

IPL Trade: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या एक बार फिर आईपीएल में अपनी टीम बदलने को लेकर चर्चा में हैं. आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन के बाद हार्दिक के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आईं. इसी बीच उनकी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस में वापसी की खबर ने भी जोर पकड़ लिया है. हालांकि, कप्तानी को लेकर बात अटक गई और यह डील आगे नहीं बढ़ सकी.
शुभमन गिल से भी हो गई थी बात
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात टाइटंस हार्दिक पांड्या को टीम में वापस लेने के लिए तैयार थी. इस संबंध में फ्रेंचाइजी ने मौजूदा कप्तान शुभमन गिल से भी बात की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, गिल ने हार्दिक की वापसी पर सहमति जताई थी. हालांकि, हार्दिक के कप्तानी की मांग रखने के बाद मामला बिगड़ गया.
कप्तानी पर अटकी बात
हार्दिक चाहते थे कि अगर वह गुजरात टाइटंस में वापस आते हैं तो उन्हें एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी जाए. फ्रेंचाइजी इस शर्त पर सहमत नहीं हुई. गुजरात की कप्तानी फिलहाल शुभमन गिल के पास है और टीम ने उन्हें हटाने का फैसला नहीं किया. यही वजह रही कि हार्दिक की वापसी की संभावनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं.
गुजरात टाइटंस के एक प्रतिनिधि ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है. वहीं, हार्दिक के प्रवक्ता ने कहा कि खिलाड़ी ने किसी फ्रेंचाइजी से ट्रांसफर या ट्रेड को लेकर बातचीत नहीं की है. उनके मुताबिक, अगर हार्दिक को लेकर कोई संपर्क हुआ है तो वह मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के जरिए हुआ है.
गुजरात में मिली थी हार्दिक को नई पहचान
हार्दिक पांड्या 2022 में मुंबई इंडियंस से रिलीज होने के बाद जब हार्दिक गुजरात पहुंचे. हार्दिक को गुजरात ने कप्तानी सौंपी और उन्होंने अपने पहले ही सीजन में टीम को आईपीएल चैंपियन बना दिया. 2023 में भी गुजरात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया. इस दौरान हार्दिक की कप्तानी और उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया.
2024 में मुंबई इंडियंस में हुई वापसी
इसके बाद 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई. फ्रेंचाइजी ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया. हालांकि, उनका पहला सीजन बेहद खराब रहा और मुंबई की टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही. इस दौरान हार्दिक को मैदान पर फैंस की हूटिंग का भी सामना करना पड़ा.
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का निराशाजनक प्रदर्शन
2025 में मुंबई इंडियंस ने वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई, लेकिन 2026 में टीम का प्रदर्शन फिर निराशाजनक रहा. ऐसे में अब हार्दिक के अगले आईपीएल सीजन में मुंबई के साथ बने रहने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि हार्दिक के लिए गुजरात टाइटंस वह टीम रही है, जहां उन्होंने कप्तान के तौर पर खुद को साबित किया था. लेकिन इस बार वापसी की राह में वही कप्तानी सबसे बड़ी अड़चन बन गई.
ये भी पढ़ें: घरेलू क्रिकेट को लेकर BCCI का नया प्लान, ज्यादा मैच होंगे लाइव; बदल सकता है फाइनल का वेन्यू