Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत पुलिस ने अरेस्ट किया 16 साल से फरार बदमाश:ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाया, ट्राला, सोने की अंगूठी, मोबाइल लेकर भागा

INT News20 August 2026 at 05:43 pm

सोनीपत पुलिस की क्राइम यूनिट खरखौदा ने 16 साल से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी (PO) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान यूनुस, निवासी गांव आलीमेव (जिला पलवल) के रूप में हुई है। उस पर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटपाट और माल चोरी करने का आरोप है। यह घटना 5 जनवरी 2010 की रात की है। फरीदाबाद निवासी सुखबीर अपने ट्रक-ट्राले में सरिया और लोहा लादकर चंडीगढ़ जा रहा था। रात करीब 1:30 बजे वह कुंडली बॉर्डर के पास गाड़ी की हवा जांचने के लिए रुका। तभी पीछे से आए बदमाशों ने उसे कागजात देखने के बहाने नीचे उतार लिया। ट्रक ड्राइवर से रजाई से ढका, जान से मारने की धमकी बदमाशों ने सुखबीर को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया, उसे रजाई से ढका और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने ड्राइवर से 9 हजार रुपए, एक सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद वे माल से लदा ट्रक-ट्राला लेकर फरार हो गए। अगली सुबह करीब 5 बजे, आरोपियों ने पीड़ित को होडल के पास फेंक दिया और भाग गए। इस घटना के संबंध में थाना कुंडली में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, सहायक उप-निरीक्षक दीपक की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल आठ अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, यूनुस लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल क्राइम यूनिट खरखौदा की टीम ने तकनीकी जांच और सटीक सूचना के आधार पर 16 साल से फरार यूनुस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।