Saturday, 19 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बरवाला में मकान से चोरी करने वाला गिरफ्तार:मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद, CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस

INT News19 September 2026 at 01:55 pm

हिसार जिले के बरवाला में घर से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एफडी और अन्य बैंक संबंधी दस्तावेज चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान बरामद किया हैं। आरोपी की पहचान गुरचरण निवासी वार्ड नंबर-7, बरवाला के रूप में हुई है। थाना बरवाला के सब इंस्पेक्टर गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर-7, हांसी रोड निवासी ज्ञानी राम पुत्र सलामुद्दीन ने शिकायत देकर बताया था कि उसके घर से अज्ञात व्यक्ति मोबाइल फोन, बैंक संबंधी दस्तावेज, पासबुक और एफडी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना बरवाला में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का भी बारीकी से विश्लेषण किया गया। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी किसी अन्य मामले में जेल में बंद था, जिसके चलते बरवाला पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की और इस मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है। चोरी और नकबजनी के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश एसपी सिद्धान्त जैन ने चोरी, नकबजनी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में CCTV फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर चोरीशुदा संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है। एसपी ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।