समाचार · पंजाब
मंत्री अमन अरोड़ा की बेटी के जन्मदिन पर बच्चे सम्मानित:सुनाम के 129 स्कूलों के 19886 छात्रों को मिलेंगे बैग और मेडल
पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर समाज और शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की है। इसके तहत उनके विधानसभा क्षेत्र सुनाम के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित और सम्मानित किया जा रहा है। कक्षा 6वीं से 12वीं के छात्रों को मिलेंगे बैग और मेडल इस विशेष मुहिम के अंतर्गत क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग और मेडल देकर सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान समारोह मंत्री अमन अरोड़ा के स्वर्गीय पिता बाबू भगवान दास की पावन स्मृति में चलाए जा रहे सामाजिक संगठन के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। इस कल्याणकारी पहल के दायरे में सुनाम विधानसभा क्षेत्र के कुल 129 सरकारी स्कूल शामिल किए गए हैं। इन सभी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 19,886 बच्चों को इस सम्मान समारोह के तहत पुरस्कार और जरूरी सामग्री वितरित की जाएगी। "सरकारी प्रयासों के साथ पारिवारिक सहयोग भी जरूरी" अपनी इस पहल पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि जहां एक ओर पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है, वहीं उन्होंने अपने परिवार की तरफ से भी यह एक छोटा सा प्रयास किया है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।" इस पहल की स्थानीय लोगों, अध्यापकों और अभिभावकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है, क्योंकि यह बच्चों को शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक और उत्साहित करेगी।