Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बरहटा की महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ खोला मोर्चा:थाने में ज्ञापन दिया; बोलीं- गांव में खुलेआम बिक रही शराब, नशेड़ियों पर कार्रवाई करें

INT News4 July 2026 at 08:51 pm

कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम बरहटा में अवैध शराब की बिक्री और बढ़ते नशे के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार शाम को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर महिलाएं सीधे रीठी थाने पहुंचीं। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। घर में मारपीट और आर्थिक तंगी से परेशान हैं परिवार थाने पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बनाई और बेची जा रही है। इसके कारण अधिकांश पुरुष कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में उड़ा रहे हैं, जिससे परिवारों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का आरोप है कि पुरुष शराब के नशे में धुत होकर घर लौटते हैं और गाली-गलौज व मारपीट करते हैं, जिससे घर और गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन ग्रामीण महिलाओं ने चिंता जताते हुए कहा कि गांव में नशेड़ियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे अब युवाओं और छोटे बच्चों के भी इस लत की गिरफ्त में आने का खतरा पैदा हो गया है। इसके चलते महिलाएं और लड़कियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं की शिकायत और आक्रोश को देखते हुए रीठी थाना प्रभारी ने मामले की तुरंत जांच कराने और अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।