समाचार · मध्य प्रदेश
बड़वानी कॉलेज मैदान की बदहाली पर छात्रों का सत्याग्रह:17 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे एथलीट्स; बोले- ढाई साल से नहीं हुई सुनवाई
बड़वानी शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद भीमा नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान की खराब हालत को लेकर बुधवार से छात्र-छात्राओं ने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू कर दिया। एथलीट्स, खिलाड़ी और एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स सुबह से मैदान परिसर में धरने पर बैठे हैं। 17 सूत्रीय मांग पत्र दिया छात्रों का कहना है कि वे पिछले ढाई साल से मैदान की अव्यवस्थाओं, सुरक्षा कमियों और रख-रखाव की समस्या से परेशान हैं। बार-बार ज्ञापन देने और प्राचार्य से चर्चा के बाद भी समाधान नहीं होने पर छात्रों ने धरना शुरू किया। खिलाड़ियों ने प्राचार्य को 17 सूत्रीय मांग पत्र देकर लिखित समय-सीमा में कार्रवाई की मांग की है। ट्रैक पर बारिश का पानी भरने की समस्या खिलाड़ियों सुशील जमरा, बादल गिरासे और अंकित निगवाल सहित अन्य ने बताया कि 400 मीटर 8-लेन लाल मिट्टी ट्रैक का समतलीकरण नहीं हुआ है। कर्व वाले हिस्से में थोड़ी बारिश में पानी भर जाता है, जिससे अभ्यास रुक जाता है। छात्रों ने स्थायी नाली या पाइपलाइन बनाने की मांग की है। लॉन्ग जंप पिट में गिट्टी और मिट्टी छात्रों के अनुसार लॉन्ग जंप पिट में मानक बालू रेत की जगह गिट्टी और मिट्टी भरी है। इससे कूदने के दौरान खिलाड़ियों को चोट लगने का खतरा रहता है। हॉकी मैदान और रनिंग ट्रैक के बीच सुरक्षा जाली नहीं होने से हॉकी की गेंद लगने की आशंका भी बनी रहती है। जिम के उपकरण जंग खाए, लाइट भी कम खिलाड़ियों ने बताया कि कॉलेज जिम के कई उपकरण जंग खाए और टूटे हुए हैं। मैदान में सिर्फ 50 वाट की छोटी लाइटें लगी हैं, जिससे शाम के समय अभ्यास में परेशानी होती है। छात्रों ने 400 वाट की एलईडी फ्लड लाइटें लगाने की मांग की है। गेट पर न कैमरे, न सुरक्षा गार्ड मैदान के दोनों प्रवेश गेट पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। छात्रों के मुताबिक बाउंड्री वॉल भी नीची है, जिसके कारण शाम के समय असामाजिक तत्व मैदान में आ जाते हैं। उन्होंने गेट खुलने और बंद होने का समय तय करने की मांग की है। निजी और राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक की मांग छात्रों ने मैदान में निजी और राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही मैदान में वाहनों की पार्किंग पूरी तरह बंद करने की बात कही है। उनका कहना है कि मैदान का इस्तेमाल मुख्य रूप से खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए होना चाहिए। महिला खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं की कमी महिला खिलाड़ियों ने बताया कि शौचालय और चेंजिंग रूम में अक्सर ताला लगा रहता है। इसके कारण उन्हें परेशानी होती है। छात्रों ने खेल विभाग के लिए अलग स्टोर रूम बनाने और नियमित रूप से खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्राउंड्समैन और संयुक्त समिति की मांग छात्रों ने मैदान की देखरेख के लिए ग्राउंड्समैन नियुक्त करने की मांग की है। साथ ही कॉलेज और खिलाड़ियों की संयुक्त प्रबंधन समिति बनाने का सुझाव दिया है। जनभागीदारी से नियुक्त खेल कर्मचारियों के माध्यम से नियमित कोचिंग कराने की भी मांग रखी गई है। डाइट और एथलेटिक्स पीटीआई की ड्यूटी की मांग छात्रों ने KTBU का खेल कैलेंडर आते ही खिलाड़ियों के लिए डाइट शुरू करने की मांग की है। साथ ही जिले के एथलेटिक्स पीटीआई की ड्यूटी इसी मैदान में लगाने की बात कही है। छात्रों का कहना है कि जब तक मांगों पर जमीन पर काम शुरू नहीं होता, सत्याग्रह अनुशासित तरीके से जारी रहेगा।