समाचार · मध्य प्रदेश
खड़ी सोयाबीन की फसल बर्बाद की:पीड़ित बोला- पूर्व पत्नी की दूसरी शादी के विवाद में फसल काटी, थाने में शिकायत
शाजापुर जिले के बकानी गांव में पुरानी रंजिश के चलते खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल बर्बाद करने का मामला सामने आया है। फरियादी आत्माराम ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि पूर्व पत्नी की दूसरी शादी के विवाद में उसकी और पड़ोसियों की फसल काट दी गई। फरियादी आत्माराम के मुताबिक, 11 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे जब वह अपने खेत पर गया, तो उसने भेरूपुरा निवासी मायाराम और उसके साथियों को दराते से सोयाबीन की खड़ी फसल काटते और उखाड़ते देखा। जब आत्माराम ने उन्हें रोका, तो मायाराम ने कहा कि उसकी पूर्व पत्नी की शादी मेहरबानसिंह से हुई थी और वह इसी शादी के विवाद का बदला ले रहा है। धमकी देकर भागे आरोपी मायाराम ने धमकी दी कि अगर उसका विवाद नहीं सुलझाया गया, तो वह इसी तरह गांव के दूसरे लोगों की फसलें भी बर्बाद करता रहेगा। इसके बाद आत्माराम ने मदद के लिए गांव वालों को आवाज दी, तो मायाराम और उसके साथी मौके से भाग निकले। 7 बीघा फसल बर्बाद, 1 लाख से अधिक का नुकसान आत्माराम ने बताया कि उसकी और आसपास के खेत मालिकों की करीब 7 बीघा खड़ी सोयाबीन की फसल काट दी गई है, जिससे लगभग 1 लाख 6 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित किसानों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।