समाचार · हरियाणा
कालका कॉलेज में पानी के कैंपर में मिले कॉकरोच:12वीं के स्टूडेंट ने ढक्कर खोलकर देखा, स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर जांच को भेजे
पंचकूला जिले में कालका के स्टैंडर्ड कॉलेज में छात्रों को दिए जाने वाले पीने के पानी के कैंपर में कॉकरोच मिले हैं। यह मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। पानी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। कॉलेज प्रबंधक आरसी शर्मा ने बताया कि हिल टॉप आरओ वॉटर सर्विस नाम के प्राइवेट सप्लायर ने रोज की तरह कॉलेज में पीने के पानी के कैंपर पहुंचाए थे। 12वीं कक्षा के एक छात्र ने पानी पीने के लिए जैसे ही कैंपर का ढक्कन खोला, उसमें कॉकरोच तैरते हुए दिखे। छात्र ने तुरंत इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन को दी। स्वास्थ्य विभाग ने लिए पानी के सैंपल प्रबंधक आरसी शर्मा ने तुरंत कालका के सब-डिविजनल अस्पताल को सूचना दी। अस्पताल की टीम कॉलेज पहुंची और पानी के सैंपल लेकर लैब भेजे। कालका अस्पताल के एसएमओ डॉक्टर राजीव नरवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने एमपीएचडब्ल्यू राहुल को मौके पर भेजा था। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरसी शर्मा ने जल विभाग को भी इस बारे में बताया था। विभाग ने कहा कि वे कॉमर्शियल या निजी कैंपरों में पानी की सप्लाई नहीं करते हैं। कॉलेज प्रबंधक ने लोगों से अपील की है कि कैंपर का पानी इस्तेमाल करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें। पानी की जांच करने के बाद ही सेवन की अपील उन्होंने कहा कि त्योहारों में कैंपर के पानी का इस्तेमाल बढ़ जाता है, इसलिए पानी की साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी सप्लायरों की लापरवाही से लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है और गंदा पानी पीने से गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।