समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में रिहायशी इलाके में घुसा 10 फीट का अजगर:ग्रामीणों ने 15 किलो वजनी अजगर का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा,वन्यजीवों की बढ़ी आवाजाही
धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र के मराठा पारा में शनिवार को एक विशालकाय अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। करीब 10 फीट लंबे और लगभग 15 किलो वजनी अजगर को सड़क पर देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को मराठा पारा की सड़क पर अचानक विशाल अजगर दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बिना नुकसान पहुंचाए किया रेस्क्यू अजगर को देखकर ग्रामीणों ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। किसी ने भी वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। जंगल में छोड़ा गया अजगर रेस्क्यू के बाद अजगर को वाहन से उसके प्राकृतिक आवास तक ले जाया गया और जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में अजगर की चर्चा होती रही। बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में अजगर समेत अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं, उन्हें छेड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।