समाचार · बिहार
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की रेड, बिहार के तीन जिलों में कागजात खंगाल रही टीम

SVU Raid: बिहार में फिर भ्रष्ट अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. मंगलवार को लघु जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के चार ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. एसवीयू की अलग-अलग टीमें तीन जिलों में कागजात खंगालने में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, हरेन्द्र कुमार बांका जिले में पोस्टेड हैं.
क्या है एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर आरोप?
जानकारी के मुताबिक, बांका जिले के बांका प्रमंडल में पदस्थापित हरेन्द्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. 10 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था, इसके बाद 11 अगस्त को एसवीयू की अलग-अलग टीमें चार ठिकानों पर छापेमारी के लिए पहुंची. फिलहाल अधिकारी की संपत्ति, आय के श्रोत के साथ डॉक्युमेंट्स की भी जांच की जा रही है.
इन 4 ठिकानों पर हो रही छापेमारी
पटना में फ्लैट नंबर 307, जनक नंदिनी अपार्टमेंट, महावीर नगर, थाना- पत्रकार नगर में छापेमारी हो रही.
पटना में ही एक और जगह बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान में भी छापेमारी की गई.
इसके साथ ही वैशाली जिले में पातेपुर थाना इलाके के सिमरवारा गांव में भी तलाशी की जा रही.
बांका जिले में लघु जल संसाधन विभाग के इंजीनियर के ऑफिस में छापेमारी की जा रही है.
क्या कहना है SVU के अधिकारी का?
शुरुआत की जांच में इंजीनियर के आवास से जमीन खरीद के तीन कागजात मिले हैं. एसवीयू के अधिकारियों ने बताया कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की संपत्ति का आकलन किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच की कार्रवाई शुरू की गई है.
आय के स्त्रोत और पासबुक की जांच शुरू
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की संपत्ति, आय के स्त्रोत और दस्तावेजों की जांच की जा रही है. एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से बैंक पासबुक, उनके परिजनों के पासबुक को खंगाला जा रहा है. विशेष निगरानी इकाई के अधिकारियों ने बताया कि अभियंता के पास अवैध संपत्ति होने की जानकारी मिली थी. इसकी पड़ताल करने के बाद 10 अगस्त को मामले में एफआईआर की गई थी. एफआईआर के अगले दिन 11 अगस्त को छापेमारी की गई.
Also Read: बिहार संपर्क क्रांति, मगध, श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत 100 ट्रेनों को लेकर फैसला, बढ़ाई जायेंगी सीटें, रेलवे बोर्ड ने मांगी रिपोर्ट