Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पटना में स्कूल से घर नहीं पहुंची नाबालिग छात्रा, अपहरण की आशंका में पांच घंटे रहा सड़क जाम

INT News11 August 2026 at 07:46 am

Patna Crime News : पटना जिला के खगौल थाना क्षेत्र के एक नामचीन सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी. छात्रा के अपहरण की आशंका से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को करीब पांच घंटे तक जाम रखा. शाम करीब छह बजे शुरू हुआ जाम रात 11 बजे तक जारी रहा. इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की.

स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची छात्रा

जानकारी के अनुसार दानापुर स्टेशन के समीप एक कॉलोनी में रहने वाले परिजन सोमवार सुबह करीब आठ बजे छात्रा को स्कूल छोड़ने गये थे. दोपहर करीब 1:40 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी छात्रा घर नहीं पहुंची. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की.

रेलवे पटरी के पास मिला स्कूल ड्रेस और बैग

छात्रा की तलाश के दौरान रेलवे पटरी के समीप उसका स्कूल ड्रेस और बैग मिला. छात्रा का सामान इस तरह मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गयी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना खगौल थाना पुलिस को दी. छात्रा के अचानक गायब होने और रेलवे पटरी के पास उसका सामान मिलने के बाद परिजन अपहरण की आशंका जता रहे हैं.

छात्रा की बरामदगी तक सड़क से हटने को तैयार नहीं थे लोग

छात्रा के लापता होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग दानापुर स्टेशन के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप जुट गये. लोगों ने छात्रा की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे. इसके बाद सरारी गुमटी के पास भी दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया. इस दौरान लोगों ने आगजनी कर अपना आक्रोश जताया.

स्कूल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस टीम स्कूल, छात्रा के आने-जाने वाले संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है. छात्रा के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि छात्रा की बरामदगी के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

Also Read : पटना में आज बादल छाए रहने के आसार, हल्की बारिश के बीच 35 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान