समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर में पुल की एप्रोच धंसी, कांग्रेस का प्रदर्शन:PWD अफसर-ठेकेदार पर केस की मांग, 10 दिन का अल्टीमेटम दिया
शाजापुर में रविवार रात को हुई तेज बारिश के बाद चीलर नदी पर बने पुराने बड़े पुल का एक हिस्सा धंसने से मामला गरमा गया है। मां राजराजेश्वरी मंदिर के पास बने इस पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों का आना-जाना रोक दिया गया है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौके पर पहुंचे और निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी कोतवाली थाने पहुंचे और थाना प्रभारी संतोष वाघेला को ज्ञापन सौंपा। फोरलेन निर्माण में लापरवाही का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान भ्रष्टाचार और धांधली को लेकर जमकर नारे लगाए। ज्ञापन में कहा गया है कि फोरलेन निर्माण के दौरान प्राचीन पुल के आसपास जिस तरह से खुदाई और निर्माण काम किया गया, उसमें नियमों की अनदेखी हुई है। इसी वजह से पुल का हिस्सा धंसा है और इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अफसरों और ठेकेदार पर केस दर्ज करने की मांग कांग्रेस ने PWD के कार्यपालन यंत्री (EE), SDO, सब-इंजीनियर और संबंधित ठेकेदार पर FIR दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा, फोरलेन के नाम पर जगह-जगह सड़क खोदकर रास्ते बंद करने से आम जनता और दुकानदारों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही निर्माण में खराब सामान इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया है। पेड़ों की कटाई पर भी उठाए सवाल ज्ञापन में फोरलेन निर्माण के दौरान काटे गए पेड़ों को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि जिन पेड़ों की मंजूरी मिली थी, उनके अलावा भी कई हरे-भरे पेड़ काट दिए गए। उन्होंने मांग की है कि काटी गई लकड़ियों का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।